नाका में चस्पा नोटिस के विरोध में प्रदर्शन करते लोग।
अयोध्या। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण में एक नया मोड़ आ गया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने परियोजना की जद में आ रहे नाका क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक मकानों और दुकानों पर नोटिस चस्पा कर दिया है, जिसके बाद प्रभावित परिवारों में नाराजगी बढ़ गई है।
विभाग की ओर से जारी नोटिस में मकान मालिकों को अंतिम अवसर देते हुए निर्देश दिया गया है कि वे 10 दिनों के भीतर अपने मालिकाना हक से संबंधित सभी दस्तावेज पीडब्ल्यूडी कार्यालय में प्रस्तुत करें। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा में कागजात जमा न करने पर संबंधित भवनों और दुकानों को खाली कराने की कार्रवाई की जाएगी। इस समय 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है।
नोटिस मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया है। प्रभावित परिवारों का कहना है कि पहले 13 मीटर चौड़ीकरण का जो मानक तय किया गया था, उसी के अनुसार कार्य कराया जाए और किसी भी परिवार को बेघर न किया जाए। लोगों ने कहा कि वे कई पीढ़ियों से, करीब सौ वर्षों से अधिक समय से इन घरों में रह रहे हैं और अब अचानक उन्हें हटाने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय लोगाें ने प्रशासन से पुनर्विचार की मांग करते हुए उचित मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता एसपी सिंह ने बताया कि चौड़ीकरण की जद में आ रहे लोगों से आपत्ति मांगी गई है। वे अपनी दुकान-मकान से संबंधित कागजात पेश कर सकते हैं, ताकि उचित मुआवजा दिया जा सके। किसी को बेघर करने की मंशा नहीं है। समन्वय बनाकर योजना को आगे बढ़ाया जाएगा।