अयोध्या। रामनगरी में कार्तिक मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच रामलला के सुगम और वीआईपी दर्शन की मांग भी बढ़ गई है। स्थिति यह है कि राम मंदिर में ऑनलाइन वीआईपी दर्शन के पास दो दिसंबर तक फुल हो चुके हैं। वहीं, आरती में शामिल होने के लिए जारी होने वाले ऑनलाइन पास भी उपलब्ध नहीं हैं। श्रद्धालुओं को अब आगे की तारीखों में पास मिलने का इंतजार करना पड़ रहा है।
राम मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ रही भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार्तिक मेले के दौरान प्रतिदिन एक से सवा लाख श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सामान्य दर्शन के बजाय ऑनलाइन वीआईपी पास के माध्यम से निर्धारित समय पर सुगम दर्शन करना चाहते हैं। इसके चलते ऑनलाइन पास की उपलब्धता लगातार कम हो रही है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से प्रतिदिन करीब 3500 ऑनलाइन पास जारी किए जा रहे हैं। कुल सात स्लॉट में पास जारी होते हैं। प्रत्येक स्लॉट में 500 पास उपलब्ध कराए जाते हैं। हालांकि, श्रद्धालुओं की मांग के मुकाबले पास की संख्या सीमित होने के कारण ऑनलाइन बुकिंग जल्द ही फुल हो जा रही है।
अब 90 दिन पहले तक कर सकेंगे बुकिंग
रामलला के दर्शन और आरती के लिए ऑनलाइन पास बुकिंग की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। पहले श्रद्धालुओं को अधिकतम 15 दिन पहले तक ही ऑनलाइन पास बुक कराने की सुविधा मिलती थी। अब इस अवधि को बढ़ाकर 30, 60 और 90 दिन तक कर दिया गया है। इससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु अपनी यात्रा की तारीख पहले से तय कर दर्शन और आरती के लिए पास बुक करा सकते हैं। बुकिंग की अवधि बढ़ाए जाने के बावजूद कार्तिक मेले और आगामी धार्मिक आयोजनों के कारण पास की मांग अधिक बनी हुई है।