तारुन। थाना पुलिस ने गोवंशीय पशुओं के अवैध परिवहन और वध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। धौरहरा कुटी के जंगल से 27 गोवंश को मुक्त कराया और एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। पांच अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
एसओ देवेंद्र पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार रात करीब 12:30 बजे मुखबिर की सूचना पर छापा मारा। जंगल में पिकअप पर गोवंश लादते समय खुर्शीद आलम को पुलिस ने पकड़ लिया। तीन गोवंश और पास के जंगल से 24 अन्य गोवंश बरामद किए। सभी 27 पशुओं को गोशाला फतेहपुर कमासिन भेज दिया गया। तस्करों की एक पिकअप, एक कार और पांच मोबाइल फोन पुलिस ने जब्त किए हैं।
गिरफ्तार खुर्शीद ने पूछताछ में बताया कि गिरोह में राकेश वर्मा, राजेश यादव, झिनकान यादव, कामरान और बबलू शामिल हैं। बताया कि स्थानीय निवासी राकेश, झिनकान और राजेश पशुओं को पकड़कर जंगल में छिपाते थे। खुर्शीद, कामरान और बबलू इन्हें वध के लिए आजमगढ़ व अन्य स्थानों पर भेजते थे। बबलू कार से रेकी करता था। खुर्शीद पर आजमगढ़ व जौनपुर में गोवध अधिनियम व पशु क्रूरता के चार प्राथमिकी दर्ज पहले से दर्ज हैं। देवेंद्र पांडेय ने बताया कि खुर्शीद को न्यायालय में पेश किया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।