मिल्कीपुर। बहन की बरीक्षा कर घर लौट रहे बाइक सवार तीन लोग बुधवार देर शाम पिकअप की चपेट में आग गए। इलाज के दौरान इनमें से एक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर है। तीसरे को उपचार के बाद डॉक्टरों ने डिस्चार्ज कर दिया है। इनायतनगर थाना क्षेत्र के अहिरौली सलोनी गांव के नरेंद्र पाल बुधवार को अपनी बहन का बरीक्षा देकर लौट रहे थे। बाइक पर उनका भाई महेंद्र उर्फ किशन और मामा राम सुमेर निवासी जोहन पाली भी थे। देर शाम करीब 7:30 बजे कुचेरा बाजार स्थित शाहगंज मोड़ की तरफ मुड़ते ही अयोध्या की तरफ जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी।
हादसे में बाइक पर सवार तीनों लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया था, जहां इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे 32 वर्षीय नरेंद्र की मौत हो गई। मामा का इलाज अभी चल रहा है। भाई किशन लाल को डॉक्टरों ने उपचार के बाद छुट्टी दे दी। थानाप्रभारी इनायतनगर रतन कुमार शर्मा ने बताया कि इस मामले में पीड़ित परिवार की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई तय की जाएगी।
g तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया : 32 वर्षीय नरेंद्र अपनी बहन की शादी बड़े धूमधाम से करना चाह रहा था। बुधवार को वह बहन की बरीक्षा भी कर आए थे। इसके बाद लौटते समय हादसे में गंभीर घायल हो गए। देर रात नरेंद्र की मौत की सूचना से घर में कोहराम मच गया। छह वर्षीय बेटा मानव, आठ वर्षीय बेटी मानवी और पांच वर्षीय बेटी महर भी बिलख उठे। उनके सिर से पिता का साया हमेशा हमेशा के लिए छिन गया था।