सोहावल/रुदौली। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय है। शुक्रवार को विभिन्न विसर्जन स्थलों का सीओ और पुलिस टीम ने जायजा लिया।
सोहावल के ढेमवा घाट विसर्जनस्थल पहुंचे सीओ ट्रैफिक सुनील कुमार सिंह और रौनाही थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा ने बारीकी से निरीक्षण किया। क्षेत्र की 202 प्रतिमाओं में से डेढ़ सौ से अधिक का विसर्जन इसी घाट पर होना है। सरयू की बाढ़ और कटान से प्रभावित घाट पर लंबा प्लेटफॉर्म बनाने का निर्णय लिया गया है।
दुर्गा पूजा से पहले सिंचाई एवं बाढ़ खंड को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। घाट से सोहावल चौराहे तक प्रकाश व्यवस्था के लिए मंगलसी और रौनाही ग्राम पंचायतों से मदद मांगी गई है।
रुदौली एसडीएम विनोद गुप्ता और सीओ अरविंद सोनकर ने रेछघाट, मां कामाख्या गोमती नदी घाट, ककरहा घाट और पटरंगा-सुल्तानपुर स्थित विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। रुदौली कस्बे से बाबा बाजार होते हुए रेछघाट तक मार्ग की स्थिति देखी गई। जहां समस्याएं मिलीं, वहां संबंधित विभागों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सीओ अरविंद सोनकर ने कहा कि विसर्जन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। (संवाद)