अयोध्या। जिला अस्पताल में शुक्रवार दोपहर इंटर्न छात्रा ने श्रीराम चिकित्सालय में तैनात एक चिकित्सक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। छात्रा की सहपाठी ने विरोध जताया तो मामला बढ़ गया। मौके पर मौजूद तीमारदार और अन्य लोग भी नाराज हो गए। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में भीड़ जुट गई। स्थिति संभालने के लिए जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अजय चौधरी मौके पर पहुंचे।
शुक्रवार दोपहर श्रीराम चिकित्सालय में तैनात एक चिकित्सक अपने भांजे के साथ बस्ती निवासी अपने जीजा का सीटी स्कैन कराने जिला अस्पताल पहुंचे थे। इसके बाद वह इमरजेंसी में तैनात एक चिकित्सक से मिलने गए। इसी दौरान इंटर्न छात्रा ने आरोप लगाया कि चिकित्सक ने उस पर अभद्रता टिप्पणी की है। छात्रा के मुताबिक टिप्पणी के बाद वह वहां से चली गई। कुछ देर बाद वह अपनी सहपाठी के साथ लौटी और चिकित्सक के व्यवहार पर विरोध जताया।
इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। लोगों की भीड़ जुटने लगी। हंगामा होने लगा। सूचना पर पहुंचे अधीक्षक डॉ. अजय चौधरी ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद इंटर्न छात्रा वहां से चली गई। हालांकि आरोपी चिकित्सक का कहना है कि वह इमरजेंसी में अपने भांजे से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मजाक में उन्होंने अपने भांजे से कुछ कहा था। उनका कहना है कि उन्हें पता नहीं था कि पीछे कोई इंटर्न छात्रा मौजूद है।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
अस्पताल में हंगामे की जानकारी मिली थी। छात्रा की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. अजय चौधरी, अधीक्षक, जिला अस्पताल