अयोध्या। पांचवें चरण में फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र में मतदान होने के बाद अब जिला प्रशासन मतगणना की तैयारी में जुट गया है। छठे चरण में अंबेडकर नगर संसदीय सीट में शामिल जिले की गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में 25 मई को मतदान होना है। इसके बाद फैजाबाद के चार विधानसभा क्षेत्र रुदौली, बीकापुर, मिल्कीपुर व अयोध्या और अंबेडकर नगर की गोसाईगंज विस क्षेत्र की मतगणना एक साथ चार जून को राजकीय इंटर कॉलेज में होगी।
जीआईसी में होने वाली मतगणना में 500 से अधिक कर्मचारी लगाए जाएंगे। मतगणना के लिए 14 टेबल लगाई जाएगी। प्रत्येक टेबल पर चार की संख्या में मतगणना कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इनमें काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग सहायक, माइक्रो आब्जर्वर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल हैं। प्रत्येक टेबल पर माइक्रो आब्जर्वर के रूप में बैंक कर्मचारी मौजूद रहेंगे। इन सभी मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण 30 व 31 मई को साकेत महाविद्यालय में होगा।
पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतगणना की शुरुआत पोस्टल बैलेट की गिनती से होगी। विधानसभा क्षेत्रवार सभी 14 टेबलों पर ईवीएम की मतगणना पूरी होने पर पहले राउंड की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद विधानसभा क्षेत्रवार दूसरे राउंड के लिए ईवीएम को स्ट्रांग रूम से मतगणना टेबल पर लाया जाएगा। सीडीओ ऋषिराज ने बताया कि अंबेडकर नगर संसदीय सीट में शामिल गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के सभी राउंड का चुनाव परिणाम फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र के जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार वहां के जिला निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।