फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: अब बोर्ड की अगली बैठक में अफसरों को घेरने की तैयारी

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। नगर निगम के समाजवादी पार्टी समेत अन्य विपक्षी दलों के पार्षदों ने अब बोर्ड की अगली बैठक में नगर आयुक्त और महापौर को घेरने की तैयार की है। विपक्ष के पार्षदों ने जनहित के मुद्दों को शामिल करते हुए प्रस्ताव तैयार किए हैं। उनकी ओर से इन पर बोर्ड की बैठक में चर्चा करने का दबाव बनाने की रणनीति बनाई गई है।
विज्ञापन


एक दिन पहले बोर्ड की बैठक में कार्यकारिणी के चुनाव के प्रकरण में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तलवारें खिंचने के बाद अब आने वाले समय में इसके और तूल पकड़ने के आसार हैं। इसके पहले इसी कार्यकारिणी के चुनाव के माध्यम से महापौर ने काफी हद तक विपक्ष के पार्षदों को साधने की कोशिश की थी। तब सत्ता पक्ष के कई पार्षदों ने महापौर की भूमिका पर सवाल उठाए थे। इस बार तस्वीर बदल गई है।

विपक्षी पार्षदों का कहना है कि नगर निगम की कार्यकारिणी का चुनाव मुख्य विषय नहीं है। असल में पार्षदों की ओर से पूर्व में दिए गए तमाम प्रस्तावों में किसी पर भी अमल नहीं किया जा रहा है। कई पार्कों की क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवॉल की मरम्मत नहीं करवाई जा सकी है। यहां पर बैठने की सीट, झूले और गेट को ठीक नहीं किया गया है। कई वार्डों में क्षतिग्रस्त सड़कों और नालियों की मरम्मत का काम शुरू नहीं हो सका है।
विज्ञापन


लक्ष्मण घाट वार्ड की पार्षद प्रिया शुक्ला कहती हैं कि अयोध्या धाम में डेकोरेटिव लाइट का काम गुणवत्ता विहीन है। संबंधित फर्म की शिकायत कई बार नगर निगम के अफसरों से की गई। इसके बाद भी फर्म को ब्लैक लिस्ट नहीं किया गया। रामकथा पार्क में रेट लिस्ट से ज्यादा पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। धर्मनगरी में इस तरह की अवैध वसूली ठीक नहीं है। लक्ष्मी सागर नगर वार्ड के पार्षद वकार अहमद का कहना है कि कैंट जोन में नाला सफाई के लिए छोटी पोकलैंड मशीनों की व्यवस्था अब तक नहीं की जा सकी है। इसी तरह के अन्य कई प्रस्तावों पर अगली बोर्ड बैठक में चर्चा करने का दबाव बनाया जाएगा।

विपक्षी पार्षद दल के नेता विशाल पाल के नेतृत्व में सांसद प्रतिनिधि हामिद जाफर मीसम के साथ नगर निगम के पार्षदों ने कमिश्नर गौरव दयाल को ज्ञापन सौंप कर 10 दिन में बोर्ड बैठक कराने की मांग की। पार्षद राम भवन यादव ने कहा कि नगर निगम के भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए महापौर बैठक नहीं कराना चाहते हैं। इस दौरान राशिद सलीम घोसी, अखिलेश पांडेय, कुंती, कफील अहमद, गुंजा निषाद, धर्मवीर, कृष्ण गोपाल, कौसर जहां, अदनान, ज्ञानमती, विशाल यादव, मुकेश कुमार, वकार अहमद, सलीम अंसारी, अर्जुन यादव, सूर्य प्रकाश, जगत नारायण यादव, इंद्रावती, शहनूर बनो, ज्ञानमती, मीरा देवी, प्रिया शुक्ला, विश्वजीत यादव, सुमन यादव, सर्वजीत कुमार व अनुभव मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें