अयोध्या। जिला प्रशासन गैस की किल्लत न होने के चाहे जितने दावे करे, लेकिन गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें और सिलिंडर न मिलने पर लोगों का बढ़ता आक्रोश कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। हालात यह हैं कि आए दिन एजेंसियों पर विवाद हो रहा है और पुलिस को हस्तक्षेप कर लोगों को शांत कराना पड़ रहा है। देवकाली बाईपास के निकट भीखपुर में स्थित शशि गैस एजेंसी पर तीन दिनों से गैस सिलिंडर की आपूर्ति ठप रहने और कार्यालय बंद रहने से उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को नाराज लोगों ने एजेंसी का घेराव कर दिया। हालात बिगड़ने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और कार्यालय खुलवाकर केवाईसी व शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कराई।
एजेंसी पर लगातार तीन दिन से गैस सिलिंडर नहीं पहुंचे थे और इस दौरान कार्यालय भी बंद रहा। इससे केवाईसी कराने और सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को बैरंग लौटना पड़ा। मंगलवार सुबह बहुत से उपभोक्ता एजेंसी पर एकत्र हुए और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि वे कई दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन न तो गैस मिल रही है और न ही सही जानकारी दी जा रही है। कुचेरा बाजार निवासी रामतौल ने बताया कि वह दो दिन से लगातार आ रहे हैं, लेकिन हर बार निराशा हाथ लग रही है। चौक बाजार के सुनील कुमार ने कहा कि 15 दिन पहले बुकिंग के बावजूद सिलिंडर नहीं मिला।
दिल्ली दरवाजा के विशाल अग्रवाल ने बताया कि डिलीवरी का मैसेज आने के बाद भी गैस नहीं मिली। वहीं, पटवारी पुरवा निवासी अजय ने कहा कि 12 मार्च को बुकिंग के बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिला।
स्थिति बिगड़ने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद एजेंसी का कार्यालय खुलवाया गया, जहां कर्मचारियों ने केवाईसी प्रक्रिया शुरू की और उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज कीं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी आपूर्ति बाधित होने पर एजेंसी बंद रही थी। उस समय भी डायल 112 पर सूचना के बाद ही काम शुरू हो सका था।
साकेत गैस एजेंसी पर भी लंबी कतारें
साकेत गैस एजेंसी के गोदाम पर मंगलवार को सिलिंडर लेने के लिए सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। एजेंसी पर दो गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन दोपहर तक लोग लाइन में खड़े रहे। केवाईसी के लिए भी भारी भीड़ रही। जनौरा निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह से लाइन में लगे हैं, लेकिन गैस नहीं मिल सकी।
केवाईसी की भीड़ और कम आपूर्ति से बढ़ी परेशानी
मांग के मुकाबले कम सिलिंडर पहुंचने से वितरण प्रभावित
अयोध्या। जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं को इन दिनों दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर केवाईसी कराने के लिए एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं, वहीं दूसरी ओर गैस की कम आपूर्ति से सिलिंडर मिलने में देरी हो रही है।
जिले में रोजाना करीब 11 हजार गैस सिलिंडरों की खपत है, जबकि आपूर्ति इससे कम हो रही है। सोमवार को 9,675 सिलिंडर ही पहुंचे, जिससे वितरण व्यवस्था प्रभावित रही। वहीं, मंगलवार को 9,236 सिलिंडर की आपूर्ति हो पाई।
केवाईसी प्रक्रिया भी उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बड़ी संख्या में लोग एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। कई उपभोक्ता मैसेज आने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि तकनीकी दिक्कतों के चलते कुछ को बार-बार लौटना पड़ रहा है।
जनौरा निवासी प्रियंका यादव ने बताया कि 10 मार्च को बुकिंग के बावजूद उन्हें अभी तक सिलिंडर नहीं मिला। उनका कनेक्शन अपने आप दूसरी एजेंसी में ट्रांसफर हो गया, जहां कई दिनों तक कार्यालय बंद रहा।
टेढ़ी बाजार स्थित साकेत गैस एजेंसी पर पहुंचे राकेश कुमार ने बताया कि वह पांच दिनों से केवाईसी कराने के लिए दौड़ रहे हैं, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है, जिससे गैस मिलने में भी दिक्कत हो रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि गैस की आपूर्ति जल्द सामान्य की जाएगी। उन्होंने एजेंसियों को केवाईसी प्रक्रिया सरल बनाने के निर्देश दिए हैं।
गैस किल्लत पर भड़के किसान, आंदोलन की चेतावनी
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की पंचायत में गैस किल्लत और सड़क निर्माण में देरी को लेकर नाराजगी जताई गई। सोमवार को तिकोनिया पार्क में हुई पंचायत के बाद किसानों ने चेतावनी दी कि गैस आपूर्ति और अन्य समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।