अयोध्या। जेठ-जेठानी और सास ने नवविवाहिता और उसके पति को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़ित ससुर ने रौनाही थाने में अपने बड़े बेटे, बहू और पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। मामले में पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए बार-बार दौड़ा रही है।
रौनाही क्षेत्र के महोली निवासी कुडूम चंद्र तिवारी ने दर्ज एफआईआर में बताया कि उनके बेटे पंकज तिवारी, उनकी बहू दीपा, पत्नी कांती तिवारी और गांव के रोहित तिवारी उन्हें, उनके छोटे बेटे राहुल और बहू अर्चना तिवारी को अक्सर मारते-पीटते हैं। सोमवार की शाम लगभग छह बजे पंकज उनकी पिटाई करने लगा। बीचबचाव करने आए राहुल और नवविवाहिता अर्चना को मारा-पीटा। राहुल और उनकी पत्नी के हाथ व पीठ में जगह-जगह दांत काट लिए।
अगले दिन सुबह 10 बजे वह लोग राहुल के कमरे का ताला तोड़ रहे थे। मना करने पर उन लोगों ने हथौड़ी लेकर दौड़ा लिया। वह लोग भागकर थाने आने लगे तो रास्ते में भी उन लोगों ने पीछा करके जान से मारने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके सीएचसी सोहावल से मेडिकल परीक्षण कराया, लेकिन अर्चना के पेट दर्द महसूस होने पर चिकित्सकों ने महिला अस्पताल से अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी।
अर्चना ने बताया कि इसके लिए उन्हें बुधवार को थाने बुलाया गया, लेकिन जांच के लिए नहीं ले जाया गया और बृहस्पतिवार को आने को कहा गया। बृहस्पतिवार को वह फिर गईं तो बताया गया कि विवेचक किसी काम से पटरंगा गए हैं, शुक्रवार को उनसे फोन पर पूछकर आइए। कहा कि विपक्षियों से उन्हें, उनके पति और ससुर को जान का खतरा बना है। थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण शीघ्र कराने के लिए विवेचक को निर्देशित किया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।