17--देवकाली स्थित दुकान में सरसों के तेल की खरीदारी करते लोग। अमर उजाला
अयोध्या। रसोई में इस्तेमाल होने वाले सरसों तेल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से घरेलू बजट बिगड़ने लगा है। पिछले करीब दो सप्ताह से तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। आधा लीटर का पैक, जो पहले 95 रुपये में मिलता था, अब 115 रुपये में बिक रहा है। इसी तरह एक लीटर तेल की कीमत 190 रुपये से बढ़कर 220 रुपये तक पहुंच गई है।
पिछले दो दिनों में ही एक लीटर तेल के दाम में करीब पांच रुपये की बढ़ोतरी हुई है। कारोबारियों के मुताबिक, सरसों तेल की कीमतों में तेजी के पीछे कई कारण हैं। मंडियों में सरसों की आवक, कच्चे माल की उपलब्धता और तेल मिलों की खरीदारी का असर थोक भाव पर पड़ रहा है। नई फसल आने में अभी समय है। ऐसे में बाजार पुरानी सरसों के स्टॉक पर निर्भर है। स्टॉक सीमित होने और खरीद महंगी पड़ने से तेल मिलों की लागत बढ़ रही है। इसका असर खुदरा बाजार में भी दिखाई दे रहा है।
त्योहारों के दौरान घरों में पकवान और मिठाइयां बनाने के साथ ही हलवाई और खाद्य कारोबारियों की ओर से भी तेल की खपत बढ़ गई थी। हालांकि, कीमतों में तेजी त्योहारों से पहले ही शुरू हो गई थी और त्योहार बीतने के बाद भी इसमें कमी नहीं आई है। ऐसे में उपभोक्ताओं को फिलहाल महंगे तेल से राहत मिलती नहीं दिख रही है।
इनसेट
देवकाली के दुकानदार सुनील कुमार ने बताया कि पिछले करीब दो सप्ताह से सरसों तेल के थोक भाव में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पहले आधा लीटर का पैक 95 रुपये में बिकता था, लेकिन अब इसकी कीमत 115 रुपये हो गई है। एक लीटर सरसों तेल 220 रुपये में बिक रहा है। पिछले दो दिनों में ही कीमत में करीब पांच रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
चौक बाजार के दुकानदार सुल्तान ने बताया कि मंडियों में सरसों की उपलब्धता और मिलों की खरीदारी का असर कीमतों पर पड़ रहा है। नई फसल आने में अभी समय है और बाजार में मांग भी बनी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में तेल के दाम और बढ़ सकते हैं।