सीएम ग्रिड्स योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण का निरीक्षण करते नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार।
अयोध्या। रामनगरी में सड़क एवं आधारभूत अवसंरचना को मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का सोमवार को नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता और उपयोग की जा रही सामग्री का अवलोकन करते हुए कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय के भीतर पूरा होना चाहिए। इससे शहरवासियों को बेहतर और सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों से नियमित निगरानी रखने को कहा। किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक बाधा का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कार्यदायी संस्था को सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए भी कहा गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता पुनीत ओझा और अवर अभियंता अमित जायसवाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।