शिक्षा विभाग में करोड़ों के घोटाले के मामले में अयोध्या में सीबीआई टीम ने छापेमारी की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लिए। आगे पढ़ें पूरी खबर...
यूपी में शिक्षा विभाग से जुड़े कथित करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच के तहत केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को अयोध्या में छापेमारी की। कोतवाली नगर क्षेत्र की देवकाली पुलिस चौकी के निकट स्थित पवन कुमार मालवीय के आवास पर सुबह करीब 6.00 बजे पहुंची सीबीआई टीम ने लगभग तीन घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अभिलेख अपने कब्जे में लिए। साथ ही संबंधित लोगों से पूछताछ की।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई अमेठी जनपद के वित्त एवं लेखा विभाग तथा शिक्षा विभाग में हुए कथित करोड़ों रुपये के वित्तीय घोटाले की जांच के सिलसिले में की गई। बताया जा रहा है कि उच्च न्यायालय के आदेश पर मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।
स्पेशल कोर्ट से जारी सर्च वारंट के आधार पर अयोध्या समेत अमेठी, लखनऊ, प्रतापगढ़ और कुशीनगर में भी एक साथ छापेमारी की गई। सीबीआई की डीआईजी शिवानी तिवारी के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली है। जांच जारी है।