रुदौली। क्षेत्र के बारी गांव के पास मंगलवार सुबह स्कूली बस की चपेट में आने से साइकिल सवार मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेटे की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पूरे परसन गांव निवासी अजीत मंगलवार सुबह अपनी मां को साइकिल से लेकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बारी गांव के पास उनकी साइकिल स्कूली बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल बस के अगले हिस्से में फंस गई और मां-बेटे घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी रुदौली भेजा गया। चिकित्सकों ने अजीत की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।