फोटो-23 तारुन में मनरेगा मजदूरों के कार्य की ऑनलाइन अपलोड की गई फोटो- संवाद
तारुन। जब पूरा देश गणतंत्र दिवस का उत्सव मना रहा था, तब तारुन ब्लॉक में मनरेगा के तहत कार्य कराए जाने का दावा कर मजदूरों की हाजिरी और मनरेगा साइट पर फोटो ऑनलाइन अपलोड किए जाने का मामला सामने आया है। राष्ट्र पर्व पर मनरेगा के दिशा-निर्देशों और प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मनरेगा के नियमों के अनुसार राष्ट्रीय अवकाश के दिन किसी भी प्रकार का श्रम कार्य कराना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद 26 जनवरी को तारुन ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों में मजदूरों से कार्य दिखाया गया। विवरण के अनुसार ग्राम पंचायत फकरपुर में 18, कनकपुर झगरौली में 01, करौंदी में 15, पारा गरीब शाह में 26 तथा ऊंच गांव में 18, कुल 78 महिला-पुरुष मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज की गई।
इस मामले में जब खंड विकास अधिकारी आनंद कुमार श्रीवास्तव से सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट कहा, यह बिल्कुल गलत है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संबंधित हाजिरी भी निरस्त की जाएगी।
बीकापुर के डेहरियावा में भी लगे रहे मजदूर
गणतंत्र दिवस के दिन भी बीकापुर विकासखंड के डेहरियावा ग्राम पंचायत में मनरेगा मजदूरों से इंटरलॉकिंग कार्य कराए जाने और उनकी हाजिरी तथा फोटो मनरेगा साइट पर ऑनलाइन लोड किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। 26 जनवरी को चार मास्टर रोल पर दो मनरेगा कार्य दर्शाया गया है। जिसमें 31 मनरेगा मजदूरों की फोटो ऑनलाइन अपलोड भी की गई है। इसके पहले भी डेहरियावा में गलत ढंग से मजदूरों की हाजिरी लगाई गई थी। बाद में शिकायत होने पर अधिकारी ने जीरो कराया था। एडीओ पंचायत अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस के दिन मनरेगा मजदूरों की हाजिरी, फोटो अपलोड किए जाने की जांच की जाएगी।