फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: फर्जी जमानत सत्यापन रिपोर्ट तैयार करने में पांच गिरफ्तार

Wed, 28 Jan 2026 08:48 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। पूराकलंदर पुलिस ने फर्जी जमानत सत्यापन रिपोर्ट तैयार करने के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से विभिन्न थानों से जमानतदार की सत्यापित 57 कूटरचित जमानत रिपोर्ट, विभिन्न तहसीलों के 25 हैसियत सत्यापन की कूटरचित रिपोर्ट आदि बरामद हुई है।
विज्ञापन



बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि सपा नेता राजा मान सिंह गैंग का सक्रिय सदस्य उपदेश यादव जेल में बंद है। वह बदायूं के नैथुवा बिल्सी का रहने वाला है। बीते दिनों न्यायालय से उसकी जमानत में एक कूटरचित सत्यापन रिपोर्ट तैयार हुई थी। छानबीन के दौरान पता चला कि बस्ती के दो जमानतदारों की सत्यापन रिपोर्ट लगाकर जमानत लेने की कोशिश हुई थी। दोनों जमानतदार फर्जी थे।



थाना हर्रैया और नगर कोतवाली के थाना प्रभारी, तहसीलदार हर्रैया और संबंधित ग्राम प्रधान ने सत्यापन रिपोर्ट पर अपने हस्ताक्षर होने से इन्कार किया था। ग्राम प्रधान अठधमा के प्रतिनिधि की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पता चला कि बस्ती के नगर कोतवाली क्षेत्र के खोराखार निवासी सर्वेश कुमार आरोपी उपदेश यादव का सहयोगी है। उसने फर्जी जमानत लेने वाले गिरोह से जुड़े लोगों से संपर्क करके कूटरचित सत्यापन रिपोर्ट तैयार कराई।
विज्ञापन




इस जालसाजी में उसके साथ बस्ती के लालगंज क्षेत्र के शूशीपार निवासी भीम प्रकाश शाही, महसो निवासी रवींद्र पाल, नगर कोतवाली के जसईपुर निवासी शंभूनाथ व कलवारी क्षेत्र के गुलरिहा निवासी पवन कुमार शामिल थे।


एक बीघा जमीन, 100 लोगों की ली है जमानत

एसएसपी ने बताया कि आरोपी पवन कुमार के पास लगभग एक बीघा जमीन है। उसने कूटरचित कागजातों के आधार पर 100 से अधिक लोगों की जमानत ली है। आरोपियों में अधिकांश लोग झूठी गवाही देने का गैंग चलाते हैं। कुछ लोग वकील के निजी मुंशी भी हैं। 20-25 हजार रुपये में जालसाजी का कार्य करते हैं। आरोपियों के पास से विभिन्न मुकदमों से संबंधित व्यक्तियों की सत्यापन रिपोर्ट, विभिन्न व्यक्तियों के 169 फोटो, इनायतनगर और नगर कोतवाली क्षेत्र के एक अभियुक्त की सत्यापन आख्या, जिलाधिकारी, न्यायालय, थाने व तहसीलों की 105 मुहर आदि बरामद हुए हैं।

सभी थाना प्रभारियों को जमानत सत्यापन के निर्देश

एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने जिन अधिकारियों की मुहर बनाई है, उन्हें सूचित किया जाएगा। उनसे तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक जमानत का सत्यापन वह स्वयं करें। फर्जीवाड़ा मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। न्यायालय को भी इस फर्जीवाड़े से सूचित किया जाएगा। उन्होंने गिरफ्तारी करने वाली टीम को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। इस मौके पर एएसपी देवेश चतुर्वेदी, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी, सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी, इंस्पेक्टर मनोज शर्मा आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें