अयोध्या। सर्किट हाउस में आयोजित जनसुनवाई में सरायरासी-सनेथू संपर्क मार्ग पर स्थित मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग को बंद किए जाने का मामला विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सरायरासी रणधीर सिंह लल्ला एवं सनेथू प्रधान विजय कुमार ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर मार्ग बंद किए जाने पर ग्रामीणों की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में मार्ग पर अंडरपास अथवा अन्य वैकल्पिक व्यवस्था शीघ्र कराए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया है कि रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से कई गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। लम्बे समय से ग्रामीणों द्वारा इसी मार्ग का प्रयोग किया जा रहा है। छात्रों को विद्यालय जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, वहीं किसानों एवं आमजन को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि इस मार्ग के बंद होने से लगभग 20 हजार से अधिक आबादी प्रभावित हुई है।
विधायक ने इस विषय को लेकर उन्होंने रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मिलने का समय लिया है। उन्होंने पत्र के माध्यम से भी रेल मंत्री को पूरे प्रकरण से अवगत कराया है। विधायक ने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए इतने महत्वपूर्ण मार्ग को बंद कर देना उचित नहीं है। इससे ग्रामीणों, छात्रों एवं किसानों को भारी कठिनाई हो रही है।