फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सांप्रदायिक राजनीति खत्म करेगा मिल्कीपुर का महाकुंभ : अखिलेश

Mon, 03 Feb 2025 09:13 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। कल्याणपुर के किसान इंटर कॉलेज में सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद के समर्थन में आयोजित जनसभा में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मिल्कीपुर में समाजवादियों का महाकुंभ हो रहा है। इस महाकुंभ को जीतकर सपा सांप्रदायिक राजनीति का खात्मा करेगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव नहीं, बल्कि चुनौती है।
विज्ञापन

चुनाव जनता बनाम शासन व मतदाता बनाम प्रशासन हो गया है। इसी चुनाव से भविष्य के राजनीति की दिशा भी तय होगी। जब से भाजपा फैजाबाद लोकसभा सीट हारी है तब से लखनऊ व दिल्ली वालों को नींद नहीं आ रही है। अयोध्या जीतने के बाद लोकसभा में हर कोई सांसद अवधेश प्रसाद से मिलना चाहता था। अयोध्या की जनता ने ही सपा का सम्मान बढ़ाया है। हमने संसद में अवधेश को आगे की सीट पर बैठाया तो भाजपा को दर्द हो रहा है।
उन्होंने एससी युवती की हत्या के बाद सांसद अवधेश प्रसाद के रोने के मामले में मुख्यमंत्री के दिए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि वह सांसद का दुख समझ सकते हैं। उनका इतना लंबा राजनीतिक सफर रहा। उन्होंने इस तरह की दर्दनाक घटना और खौफनाक मंजर देखा तो उनका भावुक होना लाजिमी थी। उनकी आंसुओं की बदौलत ही पुलिस आरोपियों को शीघ्रता से गिरफ्तार कर सकी।
विज्ञापन

कहा कि आज पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा अत्याचार बेटियों पर हो रहा है। इस मामले में उत्तर प्रदेश नंबर एक पर है। यह सरकार सिर्फ मामले को छिपाना जानती है। काम करना जानती तो समय पर एंबुलेंस आती। बिना हिसाब-किताब के पुलिस काम नहीं करती है। मिल्कीपुर में सरकार के कई मंत्री महीनों से पड़े हैं। लोगों को तरह-तरह के लालच दिए जा रहे हैं। उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। अधिकारियों की पोस्टिंग में भी पीडीए को मौका नहीं दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री कई बार आए। मतदाता पर्ची नहीं दी जा रही है।
परिवारवाद के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि इसकी परिभाषा योगी जी स्वयं जानते हैं। उन्हें पता है कि उनके मामा अगर गोरखपुर में न होते तो वह शायद यूपी में ही न होते। मुख्यमंत्री गूगल चलाना भी नहीं जानते। दिल्ली वाले वाराणसी को क्योटो बनाना चाहते थे। उन्हीं से सीखपुर योगी जी गोरखपुर को वेनिस बनाने की तैयारी में हैं। मुख्यमंत्री अयोध्या में बार वाला पांच सितारा होटल बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
कहा कि अयोध्या की रजिस्ट्री सार्वजनिक की जाए तो पता चलेगा कि सबसे ज्यादा भूमाफिया भाजपा वाले ही हैं। नेताजी ने यहां पर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम दिया, जिसे अब तक सरकार पूरा नहीं कर सकी। सपा सरकार आने पर अयोध्या को विश्वस्तरीय शहर व इकाना जैसा एक स्टेडियम बनाएंगे। विकास का दावा करने वाली यह सरकार अगर विकास कराई होती तो लोगों को बिना दर्शन के ही न लौटना पड़ता। विकास के नाम पर किसानों की जमीनें छीन ली गईं। सपा सरकार बनीं तो उन्हें उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
सभा को मोहनलालगंज के सांसद आरके चौधरी, पूर्व सांसद त्रिभुवन दत्त, विधायक संग्राम सिंह यादव, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय, पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव, जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, अनिमेष प्रताप सिंह राहुल आदि ने भी संबोधित किया।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद भाषण देते हुए एक बार फिर रो पड़े। उन्होंने कहा कि सामान्य सीट पर पासी सांसद भाजपा पचा नहीं पा रही है। उनके सांसद बनने पर भाजपाई कहते थे कि यह तीन माह के सांसद हैं। उन्हें नहीं पता है कि जाको राखै साइयां मार सकै न कोय। कहा कि शहनवां की बेटी की जिस तरह से हत्या की गई, उसका शव नहीं देखा जा रहा था। इस तरह की घटना उन्होंने जीवन में नहीं देखी, ऐसा दृश्य देखकर वह भावुक हो गए तो भाजपाई इसे नौटंकी बता रहे हैं। कहा कि दोषियों को कड़ी कार्रवाई दिलाएंगे। कार्रवाई नहीं हुई तो संसद से इस्तीफा दे देंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें