अयोध्या। झुनझुनवाला ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में छह नवंबर को वृहद रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में 100 से अधिक नामचीन कंपनियों की ओर से 10 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। यह आयोजन युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के सुनहरे अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मेले में एक्सिस बैंक, पेटीएम, टाटा ग्रुप, एलएंडटी, रिलायंस एनर्जी, अमेजन, सुजलॉन, और ब्रिटानिया जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग कर रही हैं। यह मेला 10वीं पास से लेकर स्नातक तक की शैक्षिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए आयोजित हो रहा है। रोजगार मेले में प्रवेश व आवेदन की प्रक्रिया निशुल्क रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मिशन रोजगार प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और बेरोजगारी घटाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है। इस आयोजन में सेवायोजन विभाग का विशेष सहयोग है। अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है, जिससे वे आसानी से आवेदन कर अपनी पसंदीदा कंपनियों में नौकरी पाने के लिए साक्षात्कार दे सकेंगे।
यह मेला केवल नौकरी प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को उनके कौशल और योग्यता के अनुरूप अवसरों से जोड़ने का भी माध्यम बनेगा। इसमें बैंकिंग, आईटी, ऊर्जा, ई-कॉमर्स, और खाद्य उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां भाग ले रही हैं। इससे अभ्यर्थियों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार रोजगार चुनने का अवसर मिलेगा।
सहायक निदेशक सेवायोजन देवव्रत कुमार ने कहा कि इस पहल से न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि पलायन की समस्या भी कम होगी। योगी सरकार की ओर से आयोजित ऐसे मेलों से अब तक लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिल चुके हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा कि वे समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण कराएं और रोजगार मेला में शामिल होकर अपने कॅरियर को नई दिशा दें।