अयोध्या। श्रीराम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण समारोह को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आगामी 23 जून को होने वाले इस महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन की तैयारियों के संबंध में शुक्रवार को राम मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ध्वजारोहण समारोह की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, चिकित्सा सुविधाओं और श्रद्धालुओं की आवाजाही सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। आयोजन में देशभर से आने वाले साधु-संतों, विशिष्ट अतिथियों और श्रद्धालुओं को देखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार समारोह में छह हजार से अधिक अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। इसके मद्देनजर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। आयोजन को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। आने वाले दिनों में तैयारियों की नियमित समीक्षा भी की जाएगी। बैठक में राम मंदिर के ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्र, निर्माण प्रभारी गोपाल राव समेत अन्य मौजूद रहे।