अयोध्या। दिल्ली के पटियाला कोर्ट से पाक्सो एक्ट में बरी होने के बाद पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह मंगलवार को अयोध्या पहुंचे। पूर्व सांसद का एयरपोर्ट पर हनुमानगढ़ी के साधु-संतों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान बृजभूषण ने कहा कि कुछ धाराएं संरक्षण के लिए बनाई गई हैं लेकिन उनका दुरुपयोग हो रहा है।
उन्होंने कहा कि किसी बच्ची के साथ यदि दुराचार होता है तो ये धाराएं उसके संरक्षण के लिए बनाई गई थीं। बहुत बड़े पैमाने पर यौन उत्पीड़न की धाराओं को लोगों ने अपने विरोधियों को परास्त करने और उनका जीवन समाप्त करने के लिए हथियार बना रखा है। पूर्व सांसद ने कहा कि 18 जनवरी 2023 को मेरे ऊपर आरोप लगाया गया था, तभी मैंने कहा था यह आरोप झूठा है। मैंने कहा था कि यदि आरोप साबित हो जाएंगे तो मैं फांसी पर स्वतः लटक जाऊंगा। न्याय पालिका पर मैंने पहले भी भरोसा जताया था, आज भी आभार प्रकट करता हूं। सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।
जिन खिलाड़ियों ने मेरे ऊपर आरोप लगाया था, वह मुझे कुश्ती का भगवान कहते थे। इन खिलाड़ियों का मेरे घर पर आना-जाना था। उनके विवाह और त्योहारों में भी मैं शामिल हुआ हूं। गाने के बोल बोलते हुए कहा कि कभी पास आकर मुझे यह बता दें मिला है क्या उन्हें मुझे यूं सता के। इस आरोप से कई बच्चों ने अपनी जिंदगी खो दी। आम आदमी पार्टी ने मेरा विरोध किया, उसका सत्यानाश हो गया। मेरा जो भी विरोध किया है, उन सबको भगवान दंड देंगे क्योंकि मैं हनुमान जी का भक्त हूं। इससे पहले पूर्व सांसद ने हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद सागरिया पट्टी के महंत ज्ञानदास और उत्तराधिकारी महंत संजय दास से आशीर्वाद लिया। यहां महंत अवधेश दास, महंत जन्मेजय शरण, महंत बलराम दास, महंत कृष्ण कुमार दास, पुजारी हेमंत दास, पहलवान मनीराम दास व शिवम श्रीवास्तव सहित अन्य ने पूर्व सांसद का स्वागत किया।