यूपी के अयोध्या में शुक्रवार दोपहर बाद राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में एमबीबीएस 2024 बैच के छात्र सागर पटेल (22) का शव फंदे से लटका मिला है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की है। मृतक छात्र मानसिक रोग से ग्रसित बताया जा रहा है। उसका इलाज शंकरगढ़ स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां से चल रहा था।
मौके पर प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा अन्य संकाय सदस्यों के साथ पहुंचे और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर लोग अंदर गए तो छात्र का शव पंखे से लटक रहा था। आनन-फानन उसे एंबुलेंस से दर्शननगर स्थित अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूराकलंदर पुलिस ने मृतक के कक्ष को सील कर दिया। एफएसएल की टीम की मौजूदगी में देर शाम कक्ष खोला गया। मौके पर मिले कई नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
मेडिकल कॉलेज के सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले छात्र ने एक विभागाध्यक्ष से अपनी कम उपस्थिति को लेकर चर्चा की थी। उनसे खुद को परीक्षाओं में सम्मिलित होने देने की अनुमति मांगी थी। इस पर उन्होंने छात्र को काफी फटकार भी लगाई थी। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा ने बताया कि घटना अत्यंत दुखद है। छात्र का इलाज शंकरगढ़ स्थित एक मानसिक रोग विशेषज्ञ की क्लीनिक पर चल रहा था। 13 अगस्त को उसने चिकित्सक से इलाज कराया था और दवाई ली थी। मामले से जिला प्रशासन व शासन को अवगत कराया गया है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जो जौनपुर से रवाना हो गए हैं।