चौक बाजार में दुकान पर जन्माष्टमी के सामनों की खरीदारी करते लोग
अयोध्या। जन्माष्टमी नजदीक आते ही चौक बाजार में कान्हा के स्वागत की तैयारियों की रौनक बढ़ गई है। दुकानों पर लड्डू गोपाल की पोशाक, मुकुट, मोरपंख, बांसुरी, झूले और सजावटी सामान की भरमार है। श्रद्धालु अपनी पसंद के अनुसार कान्हा के शृंगार से लेकर जन्मोत्सव की तैयारी तक के लिए सामान खरीद रहे हैं। इस बार लकड़ी के झूलों की विशेष मांग है। सोफा और बेड के आकार वाले झूले भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। बाजार में अलग-अलग आकार और डिजाइन के झूले उपलब्ध हैं।
इसके साथ ही लड्डू गोपाल के वस्त्र, राधारानी के कपड़े, मटकियां, सिंहासन और खिलौनों की भी खरीदारी हो रही है। जन्माष्टमी नजदीक आने के साथ बाजार में ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। चौक बाजार के दुकानदार सतीश कुमार साहू ने बताया कि इस बार कुछ सामान के दाम बढ़े हैं, इसके बावजूद खरीदारी अच्छी है।
रोजाना करीब 10 हजार रुपये का कारोबार हो रहा है। दुकानदार अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि जन्माष्टमी की खरीदारी के लिए ग्राहक लगातार पहुंच रहे हैं और कुछ सामान जल्दी खत्म हो जा रहे हैं। रोजाना करीब 15 हजार रुपये की बिक्री हो रही है।
उन्होंने बताया कि सोफा-बेड वाला झूला ग्राहकों को विशेष पसंद आ रहा है। दुकानदार अभिषेक साहू ने बताया कि लकड़ी के झूलों की मांग इस बार अधिक है। इनकी कीमत 600 से 3000 रुपये तक है। जन्माष्टमी से एक-दो दिन पहले बाजार में खरीदारी और तेज होगी।