अयोध्या। सुबह डेढ़ घंटे की झमाझम बारिश से शहर के कई मोहल्ले और कॉलोनियों के साथ रामपथ समेत अन्य प्रमुख मार्ग जलमग्न हो गए। कैंट से अयोध्या धाम तक यही स्थिति रही। ऐसे में लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। ज्यादातर ग्रामीण इलाके बारिश से अछूते रहे। दोपहर में बारिश थमी तो धूप निकल आई और फिर उमस भरी गर्मी ने खूब सताया।
सुबह 9.30 बजे से आसमान में छाए बादलों ने पहले बूंदाबांदी और फिर तेज बारिश की। इसका प्रभाव शहर में ही अलग-अलग समय के अंतराल पर देखने को मिला। सुबह 11 बजे तक झूम के बारिश हुई। इसके बाद थोड़ी देर तक बूंदाबांदी होती रही। दोपहर एक बजे के बाद बारिश थमी तो तेज धूप निकल आई और फिर शाम तक उमस और गर्मी का प्रभाव बना रहा। ऐसे में बारिश होने के बावजूद अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक 27 रहा।
इन परिस्थितियों में शहर में नाका चुंगी मार्ग, रिकाबगंज-कसाबबाड़ा मार्ग, महाजनी टोला, ऋषिटोला, वजीरगंज, देवकाली, बेनीगंज व कंधारी बाजार समेत कई मोहल्ले और काॅलोनियों में जल भराव हो गया। अयोध्या धाम में रायगंज से जैन मंदिर चौराहा होते हुए तुलसी स्मारक भवन जाने वाला मार्ग पानी से लबालब हो गया। यही स्थिति सब्जी मंडी मार्ग की भी रही। रामपथ पर भी विभिन्न स्थानों पर पानी भर गया। बारिश थमने के बाद धीरे-धीरे जल निकासी हो सकी।