अयोध्या। सपा के जिला पंचायत सदस्य राजा मान सिंह ने आजमगढ़ के एक ट्रैवलिंग एजेंट के निवेश के नाम पर 30 लाख रुपये हड़प लिए थे। जमीन के कागज मांगने पर उसके कपड़े उतारकर पिटाई की और उसके गुदाद्वार में क्रूरतापूर्वक बोतल घुसा दी थी। आरोपी के खिलाफ हो रही कार्रवाइयों को देखकर पीड़ित ने पूराकलंदर थाने में केस दर्ज कराया।
दर्ज एफआईआर में आजमगढ़ के बिलरियागंज क्षेत्र के रूद्रपुर निवासी संजय यादव ने बताया कि वर्ष 2023 में वह अपनी कार से वाराणसी से श्रद्धालुओं को लाकर विभिन्न धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराते थे। प्रयागराज में उनकी मुलाकात जौनपुर निवासी अश्वनी सिंह से हुई। उन्होंने अयोध्या में राजा मान सिंह के साथ निवेश करने पर अधिक लाभ होने की जानकारी दी। सात नवंबर, 2023 को वह 12.50 लाख रुपये अश्वनी के साथ मान सिंह के फार्म हाउस आए थे।
वहां उसकी पत्नी नीतू सिंह, गौरव सिंह, राजा सिंह उर्फ दुष्यंत सिंह, अनूप सिंह, अमरेश गोस्वामी, अंजनी सिंह व अंकुर सिंह मौजूद थे। उन्होंने एक जमीन दिखाई, जिसकी कीमत 30 लाख रुपये बताई और दो माह में ही अच्छा मुनाफा मिलने का लालच दिया। 12.50 लाख रुपये उन्हें देकर वह चले गए। दो-तीन दिन बाद जमीन का कागज मांगने पर उसने पूरा पैसा लाने को कहा। 17 नवंबर, 2023 को वह अश्वनी, आजमगढ़ के अभिषेक नायक, राहुल विश्वकर्मा आदि के साथ मान सिंह के पास सरियांवा आए थे।
उन्होंने कागज दिखाने पर ही पैसा देने की बात कही, तो मान सिंह के कहने पर उसके साथियों ने उनके कपड़े उतारकर मारा-पीटा। उनके गुदाद्वार में पानी की बोतल घुसा दी, जिससे उनके पेशाब की नली में सिकुड़न हो गई। इसके बाद गाड़ी में रखे 17.50 लाख रुपये छीन लिए। इसकी वीडियो भी मान सिंह ने गौरव सिंह के मोबाइल में बनवाई थी। गुदा में बोतल घुसाने से उन्हें तकलीफों से गुजरना पड़ा और आजमगढ़ के एक जनरल सर्जन के यहां उनका लंबा इलाज चला। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच एसआईटी कर रही है।