रुदौली। क्षेत्र में रसोई गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान के बावजूद उपभोक्ताओं को महीनों तक सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ता मजबूरन गैस एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। कई लोगों को घर तक डिलीवरी के बजाय एक किलोमीटर दूर वितरण वाहन से सिलिंडर लेना पड़ता है। मोहल्ला मलिकजादा निवासी विनोद मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनसे 1010 रुपये लिए गए। अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि समय पर डिलीवरी न होने से बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ते हैं। आरती मिश्रा ने दो जुलाई को ऑनलाइन बुकिंग की थी, लेकिन अब तक सिलिंडर नहीं मिला।
गैस एजेंसी संचालक ताजुद्दीन ने बताया कि पहले सिलिंडरों की आपूर्ति लखनऊ के अमौसी गैस प्लांट से होती थी। अब प्लांट में मरम्मत कार्य के कारण वाराणसी से आपूर्ति हो रही है, जिससे होम डिलीवरी प्रभावित हुई है। उन्होंने अधिक मूल्य वसूलने के आरोपों से इन्कार किया। सप्लाई इंस्पेक्टर शशांक सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।