अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय की ओर से शुक्रवार को एलएलबी (त्रिवर्षीय) चतुर्थ सेमेस्टर के लेबर एंड इंडस्ट्रियल लॉज-2 विषय की द्वितीय पाली की परीक्षा अचानक स्थगित किए जाने के बाद साकेत महाविद्यालय सहित जिले के 26 परीक्षा केंद्रों पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होने वाली परीक्षा को निरस्त कर 23 मई को कराने का आदेश जारी किया।
साकेत महाविद्यालय में द्वितीय पाली की परीक्षा में 784 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। परीक्षा के लिए गोंडा, बहराइच सहित अयोध्या मंडल के पांच जिलों में 26 केंद्र और 14 नोडल केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 5594 विद्यार्थी परीक्षा में बैठ रहे हैं। परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले कुलपति कार्यालय से संदेश पहुंचा कि प्रश्नपत्र का पैकेट नहीं खोला जाएगा और परीक्षा स्थगित की जाती है। इसके बाद साकेत महाविद्यालय में माइक से परीक्षा रद्द होने की घोषणा की गई। सूचना मिलते ही छात्रों ने नाराजगी जताते हुए प्राचार्य कार्यालय का घेराव कर दिया।
छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले से कोई सूचना नहीं दी, कई विद्यार्थी दूर-दराज जिलों और दूसरे राज्यों से परीक्षा देने पहुंचे थे। गोंडा, बहराइच, नेपाल बॉर्डर क्षेत्र और मुंबई से आए विद्यार्थियों ने पेपर लीक की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। छात्र नेता शांतनु कृष्ण सिंह ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर मनीष यादव, मोहित तिवारी, राकेश पांडेय, मिहिर नारंग, अंकिता सिंह सहित अन्य एलएलबी के विद्यार्थी मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय मनमानी कर रहा
गोंडा से आए छात्र राहुल यादव ने बताया कि परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंचने के बाद सूचना मिली कि पेपर लीक हो गया है और अब परीक्षा 23 मई को होगी। अयोध्या के छात्र दिनेश श्रीवास्तव ने कहा कि एलएलबी परीक्षा के साथ-साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं भी चल रही हैं। ऐसे में बार-बार परीक्षा तिथि बदलने से छात्रों की तैयारी और कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय बिना छात्रों की सुविधा देखे निर्णय ले रहा है।
इनसेट
मुंबई से फ्लाइट पकड़कर आई थी छात्रा
मुंबई से पेपर देने आई छात्रा श्वेता सिंह ने बताया कि वह करीब 17 हजार रुपये खर्च कर फ्लाइट से परीक्षा देने अयोध्या पहुंची थी। 19 मई की वापसी टिकट पहले से बुक थी और 21 मई को घर में कार्यक्रम भी है। अब 23 मई को दोबारा परीक्षा देने आना मुश्किल हो गया है।
इनसेट
दोनों वर्षों के प्रश्नपत्र एक साथ गए थे मिल
एलएलबी तृतीय वर्ष और पंचम वर्ष की परीक्षाएं एक साथ संचालित हो रही हैं। शुक्रवार को प्रश्नपत्रों के मिलान के दौरान पता चला कि दोनों परीक्षाओं के पेपर एक साथ मिश्रित हो गए थे। इसी कारण कुछ परीक्षा केंद्रों पर समय से सही प्रश्नपत्र नहीं पहुंच सके। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा स्थगित कर 23 मई को दोबारा आयोजित कराने का निर्णय लिया। - विनय कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक, अवध विश्वविद्यालय