मया बाजार। दोस्तों के बुलाने पर शुक्रवार को घर से निकले अलनाभारी के बिजड़ा निवासी अनिरुद्ध यादव का शव शनिवार सुबह नेव कबीरपुर के समीप तालाब के किनारे पड़ा मिला। महराजगंज थाने में तहरीर देकर पिता देवकुमार ने बताया है कि 26 वर्षीय बेटे अनिरुद्ध यादव को केशवपुर अचलपुर गांव के युवक बुलाकर ले गए थे। देर शाम तक वापस न आने पर खोजबीन की लेकिन कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह नेवकबीरपुर गांव के पूर्व प्रधान अनवर अली ने तालाब के किनारे मरणासन्न देखा तो पुलिस को सूचना दी। अनिरुद्ध यादव के रूप में शव की शिनाख्त होने पर सूचना दी गई। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि मृतक नशे का आदी था। दोपहर में नेवकबीरपुर चौराहे पर नशे की हालत में वह छोटी नहर में गिर गया था फिर निकल कर लड़खड़ाते हुए वह टहल रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई का पता लग पाएगा।