6-अयोध्या धाम में होटल की जांच के दौरान आगंतुक का सत्यापन करते कोतवाल मनोज शर्मा व अन्य।-पुलिस
अयोध्या। कोतवाली अयोध्या पुलिस ने मंगलवार की देर रात अयोध्या धाम के 19 होटल और गेस्ट हाउस की जांच की है। इस दौरान किसी तरह की अनैतिक गतिविधि नहीं मिली। बगैर आईडी के एक ही कमरे में रुके दूसरे व्यक्तियों की भी आईडी जमा कराने व आगंतुक की सूचना एलआईयू व पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
शुक्रवार देर रात पुलिस ने शहर के फतेहगंज स्थित खीरगली में संचालित राणी सती गेस्ट हाउस पर छापा मारा था। इस दौरान बड़े पैमाने पर चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ था। जिस्मफरोशी के कारोबार में लिप्त 11 महिलाओं समेत 14 लोग गिरफ्तार हुए थे। इसके बाद से पुलिस की गतिविधि पर भी सवाल उठ रहे थे। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया तो एसएसपी ने सभी होटल, होमस्टे और गेस्ट हाउस का सत्यापन कराने और औचक जांच के निर्देश दिए थे।
इसके अनुपालन में कोतवाल अयोध्या मनोज शर्मा ने मंगलवार देर रात दंत धावन कुंड स्थित होटल श्रीराम और राघवास की जांच की। रिसेप्शन पर मौजूद रजिस्टर देखकर उन्होंने सभी कमरों में मौजूद लोगों का सत्यापन कराया। इसके बाद नया घाट स्थित होटल रामप्रस्थ, रामेश्वरम, होटल कृष्णा, होटल क्लिक समेत 19 होटल और गेस्ट हाउस की रात एक बजे तक जांच की गई। सभी कमरों में बारी-बारी जाकर उसमें मौजूद लोगों का रजिस्टर में दर्ज नाम, पते व आई कार्ड से मिलान कराया। इस दौरान किसी होटल में आपत्तिजनक स्थित नहीं मिली। सभी महिला-पुरुष दंपती मिले। हालांकि, कुछ होटलों में एक ही कमरे में दो-दो लोग मिले, लेकिन आईडी सिर्फ एक व्यक्ति की जमा थी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और होटल संचालक को सभी लोगों की आईडी अपने पास रखने, उनके विवरण दर्ज करते हुए एलआईयू व स्थानीय पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि शहर भर में अलग-अलग टीमों को होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे का सतत जांच के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार रात हुई जांच में कहीं से अनैतिक गतिविधि सामने नहीं आई है। आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। किसी भी क्षेत्र से समाज विरोध गतिविधियों की सूचना मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।