अमानीगंज। खंडासा क्षेत्र के ओरवा गांव में रविवार को एक मजदूर की हाई टेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों ने इलाके में लटक रहे ढीले तारों को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।
मृतक की पहचान डूडी गांव निवासी अशोक कुमार (35) के रूप में हुई है। अशोक मजदूरी के लिए ओरवा गांव में छेदी के घर गए थे। कामकाज के दौरान वे मकान के बगल लटक रहे हाई टेंशन तार की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अशोक मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद ढीले तारों को ठीक नहीं किया गया।