अयोध्या। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट ने अपनी वेबसाइट को नए कलेवर में प्रस्तुत किया है। यह सिर्फ एक वेबसाइट नहीं, बल्कि आस्था और आधुनिकता का संगम बनकर उभरी है। अब रामलला के दर्शन करने आ रहे भक्तों को मंदिर से जुड़ी हर जानकारी के साथ-साथ अयोध्या के प्रमुख स्थलों, होटल, धर्मशालाओं और सुविधाओं की पूरी जानकारी भी यहीं से प्राप्त होगी।
वर्तमान युग में तकनीक के माध्यम से जब हर सेवा एक क्लिक दूर हो गई है, तब राम मंदिर ट्रस्ट ने भी इस दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। वेबसाइट का अपडेटेड संस्करण श्रद्धालुओं के लिए एक डिजिटल गाइड जैसा है। इसमें रामलला के दर्शन की प्रक्रिया, आरती समय, मंदिर खुलने और बंद होने का समय, विशेष पूजा-अर्चना के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा, ट्रस्ट से जुड़ी योजनाओं की जानकारी सहित हर उपयोगी पहलू को समाहित किया गया है। वेबसाइट में 23 होटल, रिजॉर्ट व धर्मशाला का नाम व उनसे संपर्क करने के लिए मोबाइल नंबर भी दिए गए हैं। इन स्थलों तक श्रद्धालु सुगमता से पहुंच सकें इसके लिए मार्ग का नक्शा भी अपलोड किया गया है। वहीं दर्शनीय स्थलों की सूची अपलोड करते हुए उनकी महत्ता व विशेषता भी बताई गई है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि अब श्रद्धालु अयोध्या आगमन से पूर्व ही यह जान सकेंगे कि कहां ठहरना है। कौन-से होटल या गेस्ट हाउस उनके बजट में अनुकूल हैं। कौन से दर्शनीय स्थल आसपास हैं और किस मार्ग से मंदिर तक पहुंचना सुविधाजनक रहेगा। यह पहल उन लाखों श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, जो दूर-दराज़ से रामलला के दर्शन को आते हैं और अयोध्या की पावन धरा को गहराई से जानना चाहते हैं।