बीकापुर। सुल्तानपुर से अयोध्या सरयू जल लेने जा रहे कावड़ यात्रा में शामिल बाइक सवार एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि, बाइक पर बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मंगलवार की रात करीब दो बजे बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर माफी तिराहे के पास प्रयागराज हाईवे पर हुआ है।
सुल्तानपुर शहर से अलग-अलग बाइक पर करीब चार दर्जन युवक कावड़ यात्रा में शामिल थे। सभी रात करीब नौ बजे सुल्तानपुर से रवाना हुए। रास्ते में कुछ लोग बीकापुर स्थित ढाबे पर रुककर नाश्ता करने लगे और कुछ लोग आगे निकल गए। जैसे ही जलालपुर माफी तिराहे के पास पहुंचे, अयोध्या की तरफ से आ रहे ट्रेलर के चालक ने ट्रेलर अचानक शाहगंज मार्ग की तरफ मोड़ दिया। इसके चलते एक बाइक उसकी चपेट में आ गई।
बाइक पर सवार सुल्तानपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा केएनआईटी निवासी प्रमोद (22) और महेंद्र (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस दोनों घायलों को सीएचसी बीकापुर ले गई। जांच के बाद चिकित्सक धर्मेंद्र रंजन ने प्रमोद को मृत घोषित कर दिया और महेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कावड़ यात्रा में मृतक के साथ शामिल राकेश, बाबूलाल, हीरालाल आदि ने बताया कि वह लोग रुक-रुककर आगे बढ़ रहे थे। प्रमोद की बाइक आगे चल रही थी। वह अभी अविवाहित था और तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। इंस्पेक्टर लालचंद सरोज ने बताया कि रात में ही पोस्टमार्टम कराया गया है। सुबह परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर घर चले गए। तहरीर मिली है, रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।