अयोध्या। तारुन के सिरसा गांव में आयोजित राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता की तैयारी के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। तीसरे दिन खिलाड़ियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए दमखम दिखाया। प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को कबड्डी के तकनीकी पहलुओं जैसे रेड, टैकल, बोनस लाइन, डिफेंस रणनीति और टीम समन्वय की बारीकियों का विशेष अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षक लाल शुक्ला ने खिलाड़ियों को फिटनेस, अनुशासन और खेल भावना का महत्व समझाते हुए बताया कि नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। लाल शुक्ला ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शिविर में खिलाड़ियों की सहनशक्ति बढ़ाने के लिए विशेष फिटनेस ड्रिल, दौड़ और टीम वर्क से जुड़े अभ्यास कराए गए। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। समापन अवसर पर आयोजित मैत्री मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता है तो केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की मांग की।