जुलूस-ए-मोहम्मदी में शामिल मुस्लिम समाज के लोग
अयोध्या। पैगंबर इस्लाम मुहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर मंगलवार को अयोध्या में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। यह जुलूस बक्सरिया टोला से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा। इसमें एक दर्जन से अधिक अंजुमनों ने भाग लिया। जुलूस हजरत शेख शमसुद्दीन फरियाद-रस रहमतुल्लाह अलेह के आस्ताने से निकला। यह ऋणमोचन चौराहा, अशर्फी भवन, कटरा पुलिस चौकी, आलमगंज कटरा, दोराही कुआं और टेढ़ी बाजार कज़ियाना होते हुए आगे बढ़ा। अंत में, जुलूस रेलवे स्टेशन के पास स्थित हजरत जैनुलाब्दीन उर्फ बिजली शहीद बाबा की मजार पर समाप्त हुआ। अशर्फी भवन पहुंचने पर सर्वधर्म सम्मान सेवा समिति ने नातिया मुकाबला आयोजित किया। विभिन्न समितियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया। नाते-मुशायरा पढ़ने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया।