अयोध्या। कोतवाली अयोध्या के रामपुर हलवारा के पास रविवार को सड़क हादसे में एक युवक की माैत व दो अन्य के घायल होने के मामले में नया मोड़ आ गया है। दरअसल प्रापर्टी डीलिंग में लेनदेन के विवाद के बाद एसयूवी से कुचलकर युवक की हत्या की गई थी। मृतक की मां की ओर से पांच नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के बाद पुलिस ने एसयूवी चालक और मृतक के दोस्त हनुमान को गिरफ्तार कर लिया है।
महाराजगंज थाना क्षेत्र के सोनैसा निवासी निखिल अपने साथी भीखी का पुरवा निवासी कुणाल और आशापुर निवासी नितेश यादव के साथ रविवार सुबह रामपुर हलवारा गए थे। वहां से लौटते समय एसयूवी की टक्कर से तीनों घायल हो गए थे। मेडिकल कॉलेज दर्शननगर में निखिल निषाद को मृत घोषित कर दिया गया था। अन्य दोनों युवकों को लखनऊ रेफर कर दिया गया था। मृतक निखिल की मां आरती ने एफआईआर में बताया कि निखिल, रामपुर हलवारा निवासी मोहन और हनुमान के साथ जमीन के क्रय-विक्रय का काम करते थे। इसी सिलसिले में कुछ पैसा निखिल को हनुमान व मोहन से मिलना था।
मोहन के बुलाने पर निखिल अपने दोनों दोस्तों के साथ रविवार की सुबह लगभग नौ बजे गए थे। वहां हनुमान व मोहन ने पैसे देने से मना कर दिया तो विवाद होने लगा। इसके बाद हनुमान, मोहन, रामजन्म, राजन, रोहित ने अपने तीन-चार अन्य साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से निखिल और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया।
तीनों लोग जान बचाकर भागे तो हनुमान ने अपने एसयूवी से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। उन पर चलती गाड़ी से फायरिंग भी की। फायरिंग और टक्कर मारने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हनुमान अपनी एसयूवी छोड़कर भाग निकला।
स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे, तब तक निखिल की मौत हो चुकी थी। एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके एसयूवी चालक हनुमान को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में टीम लगाई गई है। मामले की विवेचना की जा रही है।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें घायल दोनों युवक एक साथ खेत में पड़े कराह रहे हैं और मृतक निखिल उनसे लगभग 20-25 फीट दूरी पर पड़े हैं। ग्रामीण वीडियो बना रहे हैं। घायलों ने कराहते हुए ग्रामीणों से एक काम करने का आग्रह किया, लेकिन सभी ने हाथ खड़े कर लिए और एक-दूसरे को कुछ भी छूने से मना कर दिया। खेत में ही दुर्घटना करने वाली एसयूवी खड़ी है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि खेत के अंदर तक एसयूवी घुसाकर बाइक में टक्कर मारी गई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच का दावा कर रही है।