शिक्षक-अभिभावक संघ की बैठक में मौजूद डीआईओएस।
अयोध्या। एसएसवी इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को शिक्षक-अभिभावक संघ के की प्रथम आमसभा आयोजित हुई। मुख्य अतिथि डीआईओएस डॉ. पवन कुमार तिवारी ने कहा कि आज के दौर में बच्चों को ज्ञानवान से पहले चरित्रवान बनाना अधिक जरूरी है। उन्होंने कहा कि वेब सीरीज और सोशल मीडिया बच्चों की जीवनशैली व संस्कारों को प्रभावित कर रहे हैं। अभिभावकों से अपील की कि बच्चों की परवरिश केवल स्कूल के भरोसे न छोड़ें, बल्कि परिवार भी समान रूप से जिम्मेदारी निभाए।
प्रधानाचार्य एवं शिक्षक-अभिभावक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. मणि शंकर तिवारी ने कहा कि शिक्षक आंतरिक और अभिभावक बाह्य स्तर पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बैठक के एजेंडा और आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी मिली। श्याम सुंदर इको क्लब की गतिविधियों और विद्यार्थियों के पौधरोपण कार्य की अभिभावकों ने सराहना की।
संघ के मंत्री अरुण कुमार दुबे ने पिछली बैठक की कार्रवाई प्रस्तुत की, जिसका अनुमोदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डीआईओएस ने विद्यालय के नवनिर्मित अत्याधुनिक जिम का लोकार्पण किया। जिम में ट्रेडमिल, बटरफ्लाई, स्क्वैड मशीन, साइकिल, डेडलिफ्ट, बेंच प्रेस सहित कई उपकरण स्थापित किए गए हैं। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष रमाकांत पांडेय, जयसराज वर्मा, राम नेग गौतम, डॉ. धनश्याम यादव, वरिष्ठ शिक्षक सुरेंद्र देव तिवारी, डॉ. देवेंद्र कुमार मिश्रा, वारिज नयन शर्मा, अवधेश सिंह, नंद किशोर उपाध्याय सहित अनेक शिक्षक, अभिभावक मौजूद रहे।