शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान मरीज से वार्ता करते प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही व मौजूद महा
अयोध्या। जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को श्रीराम अस्पताल और जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया व भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से संवाद कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को बेहतर एवं निशुल्क उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने चिकित्सकों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को शासन की सभी स्वास्थ्य सुविधाएं समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से उपलब्ध कराई जाएं व इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पतालों में स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता की भी समीक्षा की। श्रीराम अस्पताल में जगह की कमी का जिक्र करते हुए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को टीबी मरीजों के लिए अलग वार्ड विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं मिल सकें।
मीडिया से बातचीत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि बढ़ती आबादी के अनुरूप चिकित्सकों की आवश्यकता को देखते हुए सरकार प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित कर रही है, जिससे भविष्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ सके। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। साथ ही हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़ने के के मुद्दे पर कहा कि वीडियो सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री मौन हो गए।