अयोध्या। कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर टिन शेड से बारिश का पानी टपकने की समस्या को लेकर सोमवार को अमर उजाला में खबर प्रकाशित थी। इसके बाद उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुनील वर्मा ने मंगलवार को कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को टीन शेड की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने उस स्थान का बारीकी से जायजा लिया, जहां बारिश के दौरान यात्रियों पर पानी गिर रहा था। उन्होंने रेलवे इंजीनियरिंग (ईडब्ल्यू) विभाग के अधिकारियों से समस्या के कारणों की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो और यात्रियों को हो रही असुविधा का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कैंट स्टेशन के निरीक्षण के बाद डीआरएम ने अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का भी दौरा किया। दोनों स्टेशनों पर चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान कैंट रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक पीआर मीणा, आरपीएफ प्रभारी हरीश कुमार साहू और इंजीनियरिंग और रेलवे के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।