अयोध्या। कमिश्नर गौरव दयाल और आईजी प्रवीण कुमार ने फैजाबाद लोकसभा सीट के नामांकन स्थल कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने कहा कि सीसीटीवी व दीवार घड़ी उचित स्थान पर लगाई जाए, जिससे नामांकन के समय को देखा जा सके। सभी कार्यों को निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार समय से पूरा किया जाए। मानक के अनुसार प्रत्याशियों के आगमन व निकास मार्ग पर बैरीकेडिंग किया जाए।
आईजी ने सुरक्षा के मानकों का ध्यान रखते हुए आवश्यक चेकिंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसएसपी राजकरन नय्यर, एडीएम सिटी सलिल पटेल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह, उपनिदेशक सूचना डाॅ. मुरलीधर सिंह, वरिष्ठ सहायक अविनाश पांडेय व कौशल किशोर मौजूद रहे।
इसी कड़ी में वरिष्ठ अधिकारियों ने पोलिंग पार्टियों के रवाना स्थल राजकीय इंटर कालेज व राजकीय बालिका इंटर कालेज का जायजा लिया। स्ट्रांग रूम व कंट्रोल रूम के इंतजामों को परखा। राजकीय उद्यान का भी निरीक्षण किया। यहां पर पौधों के रखरखाव के साथ बेहतर ढंग से उद्यान में आम जनमानस के उपयोग के लिए सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उद्यान विभाग के अधिकारी को निर्देश दिया।