फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: दवा के भीतर क्या ...बताएगा एआई उपकरण

Sun, 15 Nov 2026 11:34 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। दवाओं में मौजूद रासायनिक तत्वों और उनकी मात्रा का पता लगाने के लिए राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में एआई आधारित उपकरण विकसित करने पर शोध शुरू किया गया है। हाथ में पकड़कर इस्तेमाल किए जा सकने वाले इस उपकरण से दवाओं की जांच की जाएगी। शोध का विशेष फोकस प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्रों पर उपलब्ध दवाओं की गुणवत्ता के परीक्षण को आसान बनाना है।
विज्ञापन

गरीब और सामान्य परिवारों को कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर बाजार की तुलना में कम कीमत पर दवाएं मिलती हैं और बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए इन पर निर्भर हैं। ऐसे में दवाओं में निर्धारित औषधीय तत्वों की मौजूदगी और उनकी मात्रा का पता लगाना महत्वपूर्ण है। इसी जरूरत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग में यह शोध शुरू किया गया है।
दवा का पैकेट खोलकर लेना होगा नमूना
परियोजना प्रबंधक डॉ. अदिति ने बताया कि उपकरण में न्यूक्लियर मैग्नेटिक रेजोनेंस (एनएमआर) स्पेक्ट्रोस्कोपी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे दवा में मौजूद अलग-अलग रासायनिक यौगिकों की पहचान के साथ उनकी मात्रा का विश्लेषण भी किया जा सकेगा। एआई की मदद से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण होगा। जांच के लिए दवा का पैकेट खोलकर नमूना लेना पड़ेगा। अलग-अलग दवाओं पर करीब दो साल तक शोध किया जाएगा। एनआईटी के डॉ. देबाशीष दत्ता परियोजना में सह-अन्वेषक की भूमिका निभा रहे हैं।
विज्ञापन


डीएसटी से 10 लाख रुपये मिलने का प्रावधान
डॉ. अदिति ने बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) की निधि योजना के तहत परियोजना के लिए करीब 10 लाख रुपये का बजट मिलने का प्रावधान है। फिलहाल उपकरण का प्रोटोटाइप तैयार किया जा रहा है। इसे हाथ में लेकर दवाओं की जांच की जा सकेगी। शोध सफल होने पर दवाओं में मौजूद रासायनिक यौगिकों और उनकी मात्रा का विश्लेषण करने के लिए पोर्टेबल उपकरण उपलब्ध हो सकेगा। इससे प्रयोगशाला आधारित जांच पर निर्भरता कम करने और दवाओं के परीक्षण को अधिक सुलभ बनाने में मदद मिल सकती है।


यह शोध चिकित्सा क्षेत्र में तकनीक के उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। भविष्य में यह तकनीक दवाओं के परीक्षण और गुणवत्ता के आकलन में उपयोगी साबित हो सकती है। अन्य विभागों में भी शोध कार्यों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
विज्ञापन

-डॉ. दिनेश सिंह मार्तोलिया, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें