अयोध्या। ग्रामीणों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला खानापूर्ति साबित हो रहा है। दावा है कि यहां मरीजों को जांच, उपचार और मुफ्त दवाओं की सुविधा मिलेगी, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। कहीं मरीजों को सिर्फ लक्षणों के आधार पर दवाएं दी जा रही हैं तो कहीं कर्मचारी की कमी से जांच तक नहीं हो पा रही है।
केस एक : बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार पीएचसी चौरे बाजार में व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक मिली। यहां 49 मरीजों का पंजीकरण कर दवाएं वितरित की गईं, लेकिन लैब टेक्नीशियन नहीं होने के कारण किसी मरीज की जांच नहीं हो सकी। स्टाफ नर्स भी मौके पर मौजूद नहीं मिलीं। वहीं, पीएचसी कोछा में 42 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देकर दवाएं दी गईं।
केस दो : मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार पीएचसी सरायधनेठी में 54 मरीज पहुंचे। दोपहर 1:05 बजे कलंदरपुर निवासी जगदीश प्रसाद पेशाब करने में परेशानी की शिकायत लेकर पहुंचे। परीक्षण के बाद उन्हें दवाएं दी गईं। 1:15 बजे सरायधनेठी के पूरे लाला गांव की रोशनी को जांच में खून की कमी मिलने पर दवाएं दी गईं। वहीं, 1:30 बजे तिवारी का पुरवा निवासी राम अचल घुटनों और अन्य जोड़ों के दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे। उन्हें भी लक्षणों के आधार पर दवा दी गई।
केस तीन : तारुन प्रतिनिधि के अनुसार, पीएचसी पनभरिया में 43 मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं वितरित की गईं। शुजागंज, ऐहार और नरौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 124 मरीजों का उपचार किया गया। इन केंद्रों पर बलरामपुर से आई एसआरएम टीम ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं, दवा वितरण और उपलब्ध संसाधनों का जायजा भी लिया।
बुखार के मरीजों की भरमार : सभी 37 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेले में 1741 मरीजों ने इलाज कराया। इनमें बुखार के सर्वाधिक 509 मरीज शामिल रहे। इसके अलावा सांस के 250, पेट के 113, गैर संचारी रोगों के 120, चर्म रोग के 112, टीबी के संदिग्ध 23, एनीमिया के 54, हड्डी रोग के 109 मरीज आए। 76 महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई। छह महिलाओं को हायर सेंटर रेफर किया गया। 74 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।