फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: रामनगरी में नियम कूड़ेदान में, आबादी के पास डंप हो रहा कूड़ा

Mon, 09 Mar 2026 08:19 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
35- अहिराना बड़ा भक्तमाल रामघाट में बने घरों से सटकर डंप हो रहा कूड़ा - संवाद
विज्ञापन
अयोध्या। एक तरफ अयोध्या को विश्वस्तरीय शहर बनाने के दावे हो रहे हैं, तो दूसरी तरफ नगर निगम की कार्यप्रणाली नियमों की धज्जियां उड़ा रही है। म्यूनिसिपल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम-2016 के तहत डंपिंग ग्राउंड आबादी से कम से कम 200 मीटर दूर होना चाहिए, लेकिन अयोध्या के रिहायशी इलाकों कांशीराम कॉलोनी और अहिराना बड़ा भक्तमाल रामघाट के ठीक बगल में नियमों को दरकिनार कर आबादी के बीच ही कचरे का विशाल पहाड़ खड़ा कर दिया गया है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन


कांशीराम कॉलोनी में कई वर्षों से कूड़ा डंप किया जा रहा है। कांशीराम आवासीय कॉलोनी में करीब 220 मकान हैं और यहां हजारों लोग रहते हैं। घरों के पास कूड़ा डंप होने से लोगों को दुर्गंध, गंदगी और बीमारी के खतरे का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी के राजेश का कहना है कि कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के कारण यहां रहना मुश्किल हो गया है। गर्मी के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं।

कांशीराम कॉलोनी के पास बना डंपिग जोन अहिराना बड़ा भक्तमाल रामघाट कॉलोनी के घरों की दीवारों से भी सटा हुआ है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। भगवान मिश्र ने बताया कि घर के बगल में ही डंपिंग जोन बना दिया गया है। दिन-रात दुर्गंध फैलती रहती है और लोगों में बीमारी का खतरा बढ़ गया है।
विज्ञापन




दो दिन से सुलग रहा कूड़े का ढेर, अधिकारी बेखबर

कांशीराम डंपिंग जोन में पिछले दो दिनों से कूड़े के ढेर में आग सुलग रही है। यहां रोजाना अयोध्याधाम के करीब 10 वार्डों का कूड़ा लाकर डंप किया जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो पूरे कूड़े में आग लग सकती है, जिससे शहर में प्रदूषण कई गुना बढ़ सकता है और लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।



अस्थायी डंपिंग जोन, जल्द खाली कराने की कोशिश

अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव का कहना है कि शहर में कूड़े के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है। कुछ स्थानों पर एमआरएफ सेंटर बनाए गए हैं। कांशीराम कॉलोनी में फिलहाल अस्थायी डंपिंग जोन बनाया गया है। इस पर काम चल रहा है और जल्द ही इसे खाली कराने का प्रयास किया जाएगा।



मुख्यमंत्री की नसीहत भी बेअसर

गाजियाबाद में डंपिंग ग्राउंड को लेकर हुए विरोध के दौरान 19 जून 2018 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट कहा था कि कचरा घर आबादी से कम से कम दो किलोमीटर दूर बनाया जाना चाहिए। उस समय वहां के डंपिंग ग्राउंड के विरोध में लोगों ने उनसे मुलाकात कर ज्ञापन भी सौंपा था। मुख्यमंत्री की इस स्पष्ट हिदायत के बावजूद अयोध्या में नगर निगम की ओर से आबादी के बीच ही कूड़ा डंप किया जा रहा है।
विज्ञापन

35- अहिराना बड़ा भक्तमाल रामघाट में बने घरों से सटकर डंप हो रहा कूड़ा - संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें