अवध विवि में मंगलवार को आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में अंक लेने की जद्दोजहद करते खिलाड़ी।
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय दीक्षोत्सव खेल सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को कबड्डी, टेबल टेनिस, नींबू-चम्मच दौड़, बोरा दौड़ और रुमाल झपट्टा प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सात महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसर के पांच विभागों के करीब 250 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कबड्डी के पुरुष वर्ग में शारीरिक शिक्षा विभाग की टीम विजेता तथा आशा भगवान बक्श सिंह पीजी कॉलेज, पूरा बाजार की टीम उपविजेता रही। महिला वर्ग में विश्वविद्यालय परिसर की टीम ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि रामनगर पीजी कॉलेज, बाराबंकी उपविजेता रहा। टेबल टेनिस के पुरुष वर्ग में कुलपति ब्रिगेड के डॉ. अंशुमान पाठक विजेता और कुलसचिव ब्रिगेड के शिव कुमार सिंह उपविजेता रहे। महिला वर्ग में डॉ. मोहनी पाण्डेय ने खिताब जीता, जबकि एकता सिंह उपविजेता रहीं।
नींबू-चम्मच दौड़ के पुरुष वर्ग में अनुराग यादव प्रथम व सौरभ कुमार द्वितीय रहे। महिला वर्ग में संजना विश्वकर्मा प्रथम और काजल गुप्ता द्वितीय स्थान पर रहीं। रुमाल झपट्टा के पुरुष वर्ग में सनी तथा महिला वर्ग में आंचल सोनी विजेता बनीं।
प्रतियोगिताओं का शुभारंभ दीक्षोत्सव खेल समिति के संयोजक प्रो. हिमांशु शेखर सिंह ने किया। खेल प्रभारी डॉ. कपिल सिंह राणा ने बताया कि प्रतियोगिताओं का उद्देश्य खेल भावना के साथ भारतीय पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कुमार मंगलम सिंह ने किया। खेल सप्ताह के अंतर्गत 5 अगस्त को महिला व पुरुष वर्ग की 10 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
अवध विवि में मंगलवार को आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में अंक लेने की जद्दोजहद करते खिलाड़ी।