फोटो 42-रग्घूपुर दोस्त में रास्ते पर अवैध अतिक्रमण को साफ करता बुलडोजर-संवाद
सोहावल। रौनाही थाना क्षेत्र के दोस्तपुर रग्घूपुर गांव में बुधवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर सार्वजनिक मार्ग पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया। यह कार्रवाई हाईकोर्ट के निर्देश और एसडीएम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में धारा 133 के तहत की गई। नायब तहसीलदार रौनाही रेशु जैन के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा और सत्ती चौरा चौकी प्रभारी सत्यम अग्रवाल भी मौजूद रहे। नायब तहसीलदार ने बताया कि अतिक्रमण के कारण मार्ग बाधित हो रहा था। ध्वस्तीकरण के दौरान एक अवैध दीवार और दो चबूतरे हटाए गए। यह कार्रवाई गांव निवासी रामदास की शिकायत पर की गई। जिन लोगों के अतिक्रमण हटाए गए, उनमें राकेश यादव, प्रधान राज बब्बर और वीरेंद्र यादव शामिल हैं।