अयोध्या। जुगाड़ से मीटरों को खराब करके बिजली चोरी का प्रयास करने वाले अब सावधान रहें। ऐसे लगभग 400 मीटरों का प्रयोगशाला में परीक्षण कराया जा रहा है। इससे मीटरों से की गई छेड़छाड़ की पोल खुल जाएगी। गड़बड़ी पकड़ में आने पर संबंधित के खिलाफ जुर्माने के साथ विधिक कार्रवाई भी करने की तैयारी है।
बीते दिनों बिजली मीटर खराब होने के मामले बढ़े हैं। हाल ही में जिले भर में ऐसे लगभग 400 मीटर बदले गए तो बिजली निगम गंभीर हुआ है। आशंका जताई गई कि गर्मी के दिनों में लोगों ने एसी का खूब मजा लिया और बिल बढ़ता देख मीटर से छेड़छाड़ करके खराब कर दिया गया। इससे मीटर में स्टोर एनर्जी का बिल उन्हें नहीं जमा करना पड़ा, लेकिन बिजली निगम को खूब चपत लगी। इनमें विद्युत वितरण खंड द्वितीय के सर्वाधिक 150 और शहरी क्षेत्र के लगभग 50 उपभोक्ता रहे। शेष मिल्कीपुर व रुदौली क्षेत्र के मामले बताए गए। अब बिजली निगम ऐसे उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
अधीक्षण अभियंता रामकुमार ने बताया कि लोग जान-बूझकर मीटर खराब करके आईजीआरएस पर शिकायत भी करते हैं। ऐसे लगभग 400 मीटर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजवाया गया है। सॉफ्टवेयर के जरिए छेड़छाड़ का खुलासा होने व स्टोर एनर्जी की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रभाव से संबंधित उपभोक्ताओं से बकाया बिजली बिल जमा कराया जाएगा। साथ ही उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। इसलिए उपभोक्ताओं से अपील है कि किसी भी संविदाकर्मी, मीटर रीडर आदि के झांसे में न आएं। बिजली मीटरों से छेड़छाड़ न करें और समय पर बकाया बिजली बिल जमा करें।