14- शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचें पूर्व सांसद रितेश पांडेय व अन्य- संवाद
- फोटो : ईरान मे फंसे में अपने लोगो से बात करते परिजन।
गोसाईगंज। कोतवाली क्षेत्र के काजीपुर गार्डर बाईपास स्थित मंडा कोटवा गांव में जमीन विवाद के चलते अंकारीपुर निवासी प्रॉपर्टी डीलर भूपेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार को मृतक के घर पर सन्नाटा पसरा रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव की महिलाएं और रिश्तेदार जैसे ही घर पहुंचते, विलाप की आवाजें गूंज उठतीं।
मृतक के छोटे भाई यतींद्र सिंह ने रोते हुए कहा, ऐसा भाई फिर नहीं मिलेगा। मेरा दाहिना हाथ चला गया। थोड़ी सी चूक और धोखे से उन्हें मार दिया गया। वहीं 75 वर्षीय वृद्ध पिता सुरेंद्र सिंह गहरे सदमे में नजर आए। उन्होंने बताया कि परिवार के पास पर्याप्त जमीन-जायदाद है और उन्होंने बेटे को कई बार सावधान किया था, लेकिन वह नहीं माना। बेटे की असमय मौत से पूरा परिवार टूट गया है।
घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। पूर्व सांसद रितेश पांडेय, भगवान बक्स सिंह, प्रधान जगदेव सिंह, इंद्र प्रताप दुबे, अवधेश मिश्रा, ओम प्रकाश सिंह सहित कई लोग पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और ढांढस बंधाया। आरोपियों की तलाश में पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं, जिनमें एसओजी और सर्विलांस टीम भी शामिल हैं। अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
आरोपी के घर लटका ताला
दूसरी ओर आरोपी के गांव में भी सन्नाटा पसरा रहा। कोई भी ग्रामीण खुलकर कुछ बोलने को तैयार नहीं है। आरोपी के घर पर ताला लटका है और बाहर पुलिस बल तैनात है। गांव में एक प्लाटून पीएसी की तैनाती की गई है। घटनास्थल के आसपास भी पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने आरोपी के घर की कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पुराने आपराधिक मामलों की फाइलें खंगालकर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों और शासन को भेज रही है। आरोपी के परिजनों सहित दो अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।