अयोध्या। नगर निगम के विस्तारीकरण क्षेत्र के भवनों का पंजीकरण अभियान चलाकर किया जाए। यह निर्देश महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को कौशलपुरी जोनल कार्यालय में समस्या समाधान शिविर के दौरान जनसुनवाई में दिए। इस दौरान कल्याण सिंह वार्ड के सतीश त्रिपाठी ने उनके समेत 10 लोगों के मकान तिलक नगर की जगह दुर्गापुरी में दर्ज कर लिए जाने की शिकायत दर्ज कराई। महापौर ने सुधार के निर्देश दिए। नाका पटेल नगर के गुलाब सिंह ने दोहरे गृह कर व जलकर आने की शिकायत की, इसका तत्काल समाधान कराया गया।
महापौर ने कहा कि गवर्नेंस इनफॉरमेशन सिस्टम जीआईएस के तहत किए गए सर्वे के अनुरूप भवनों का पंजीकरण हर हाल में किया जाना चाहिए। उन्होंने हर सोमवार को दिन में 11:30 बजे से 12:30 बजे तक जनसुनवाई करने का भरोसा भी दिया। उन्होंने कहा कि रोज सुबह 10 से 12 बजे तक कर संबंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए सभी जोन कार्यालय में राजस्व निरीक्षक मौजूद रहें।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान भवन स्वामियों के नाम दर्ज करने, अंबेडकर पार्क में जलभराव और सफाई संबंधी 27 शिकायतें आईं। इसमें से 15 का तत्काल समाधान किया गया। 12 शिकायत की जांच कर एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान पार्षद सूर्य कुमार तिवारी सूर्या, सुफियान, जोनल अधिकारी, सहायक अभियंता जलकर जय कुमार, सहायक अभियंता निर्माण भारत सिंह वर्मा व मुख्य सफाई निरीक्षक कमल कुमार मौजूद रहे।