अयोध्या। कोतवाली अयोध्या के साकेतपुरी कॉलोनी में बृहस्पतिवार दोपहर नवनिर्मित मकान का प्लास्टर करते समय बल्ली टूट गई। हादसे में नीचे गिरकर तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पूराकलंदर क्षेत्र के मऊ शिवाला निवासी अमरजीत (26), सूरज कुमार (40) और इनायतनगर के रेवतीगंज निवासी अशोक कुमार (36) साकेतपुरी में निर्माणाधीन एक मकान में मजदूरी करते थे। बृहस्पतिवार को वह मकान की बाहरी दीवार का प्लास्टर करने बल्ली के सहारे चढ़े थे। दोपहर लगभग 12 बजे अचानक बल्ली टूट गई तो वह तीनों नीचे गिर गए। सामने के एक मकान में रहने वाले लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल भिजवाया।
कोतवाल मनोज शर्मा ने बताया कि मकान में बाहर से ताला लगा है। मकान स्वामी का पता नहीं चल सका है। तीनों मजदूर करन नामक ठेकेदार के अधीन कार्य करते थे। वह लोग किसी तरह की कार्रवाई करने से इंकार किया है। उनका इलाज अभी चल रहा है।