मेडिकल कॉलेज में एंडोक्राइनोलॉजी ओपीडी में रोगियों का इलाज करते विशेषज्ञ।
अयोध्या। मेडिकल कॉलेज दर्शननगर में एंडोक्राइनोलॉजी ओपीडी का शनिवार को शुभारंभ किया गया है। प्राचार्य दिनेश सिंह मार्तोलिया ने इसका उद्घाटन किया है। इस सुविधा से अब हार्मोन संबंधी रोगों का स्थानीय स्तर पर इलाज होगा।
प्राचार्य ने बताया कि इस ओपीडी में मधुमेह, थायरॉयड, मोटापा और हार्मोन डिसऑर्डर जैसे एंडोक्राइन रोगों का इलाज होगा। पिट्यूटरी ग्रंथि संबंधी रोग, अनियमित पीरियड्स, हड्डी व मिनरल डिजीज और बच्चों की वृद्धि समस्या का भी उपचार मिलेगा। सहायक प्रोफेसर आदर्श कुमार सोनकर ने बताया कि हार्मोन संबंधी रोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पहले मरीजों को उपचार के लिए बड़े संस्थानों में रेफर करना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की अतिरिक्त आवश्यकता होती थी। एंडोक्राइनोलॉजी ओपीडी से रोगियों को शीघ्र निदान और समुचित उपचार की सुविधा मिलेगी। इससे अनावश्यक रेफरल में कमी आएगी। हर बुधवार और शनिवार को ओपीडी चलेगी। इस अवसर पर डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. विमलेश वर्मा और वीरेंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे।