सर्किट हाउस में कारगिल विजय दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद पूर्व सैनिक व अन्य।
अयोध्या। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर रविवार को सर्किट हाउस सभागार में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की कर से विजय महोत्सव व सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध के अनुभव साझा किए और युवाओं से राष्ट्रसेवा एवं देशभक्ति की भावना अपनाने का आह्वान किया।
समारोह में शहीद सैनिकों की पांच वीर नारियों में प्रतिमा सिंह, गंगोत्री देवी, लाली देवी, ममता सिंह और शांता देवी को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 55 पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कैप्टन हर सहाय सिंह, कैप्टन देवी प्रसाद तिवारी, कैप्टन विजय यादव और नायक सिद्धनाथ पांडेय प्रमुख रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर गिरीश पति त्रिपाठी व विशिष्ट अतिथियों में कर्नल सीपी सिंह, विजय प्रताप (संगठन मंत्री, विश्व हिंदू परिषद), अभिषेक (संगठन मंत्री, विश्व हिंदू परिषद, अयोध्या) और आलोक (संगठन मंत्री) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष प्रकाश पाठक ने किया।
श्री प्रकाश ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। (संवाद)